अनूपगढ़, 29 सितंबर। अनूपगढ़ जिले में पहली बार राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राजस्थान राज्य एवं अधिनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी(प्रारम्भिक) परीक्षा 2023 का आयोजन 1 अक्टूबर को किया जाएगा। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी जिनमें कुल 2592 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा का समय सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।
परीक्षा की तैयारीयो को लेकर हुई बैठक*
परीक्षा के सफल आयोजन तथा तैयारियों को लेकर एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक सुश्री प्रियंका तलानिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उन्होंने कोषाधिकारी, उड़नदस्था प्रभारी पुलिस नोडल अधिकारी, पर्यवेक्षक दल प्रभारियों एवं अतिरिक्त समन्वयक सहित सभी प्रभारी अधिकारियों को निष्पक्षता एवं स्पष्टता के साथ परीक्षा आयोजन करवाने हेतु आवंटित दायित्वों का पूर्ण मुस्तैदी से निर्वहन किए जाने हेतु निर्देश दिए गए।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा*
एडीएम एवं समन्वयक परीक्षा सुश्री तलानिया द्वारा बैठक के दौरान अवगत करवाया गया कि अनूपगढ़ जिले में कुल 10 परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा होगी जिनमे राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अनूपगढ़, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, सेठ बिहारीलाल राजकीय महाविद्यालय, एमएमडी बेदी बालिका कॉलेज अनूपगढ़, एसजी एन. खालसा पीजी कॉलेज अनूपगढ, माता मोहन देवी बेदी महिला टी.टी. कॉलेज अनूपगढ़, शारदा कला एवं विज्ञान महाविद्यालय अनूपगढ़, डीएवी पब्लिक स्कूल अनूपगढ़, ज्ञान तृप्ति पब्लिक महाविद्यालय 15ए तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अनूपगढ शामिल है।
*परीक्षा केंद्रों का किया गया निरीक्षण*
एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक सुश्री तलानिया द्वारा बैठक बाद परीक्षा हेतु बनाए गए 10 केन्द्रों का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नोडल पुलिस अधिकारी के साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्राधीक्षकों को पूर्ण सावधानी के साथ पूर्ण गोपनीयता के साथ परीक्षा के सम्पादन करवाए जाने हेतु निर्देशित किया गया। सुश्री तलानिया द्वारा परीक्षा में नियोजित अधिकारियों यथा उपसमन्वयक, पर्यवेक्षक केन्द्राधीक्षक, अभिजागर सुरक्षा कर्मी / पुलिस पुलिस कर्मियों, विडियोग्राफर एवं अन्य कार्मिकों को राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों की पालना निष्पक्षता एव स्पष्टता के साथ किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
*परीक्षार्थियों से की अपील*
एडीएम एवं समन्वयक सुश्री तलानिया द्वारा परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों से अपील करते हुए आहवान किया गया कि कोई प्रतिबंधित सामग्री यथा मोबाईल, ब्यूटूथ, संचार उपकरण नकल सामग्री इत्यादि प्रयोग न किया जावे, किसी भी अभ्यर्थी के पास नकल सामग्री पाए जाने पर उसके विरूद्ध राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 के तहत कठोर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। परीक्षार्थी राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड में ही परीक्षा में सम्मिलित होगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा हेतु प्रातः 11 बजे से 2 बजे समय निर्धारित है, परन्तु केन्द्र पर 10 बजे के पश्चात् किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


